ट्रम्प ने नेवाडा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी जो बाइडन पर व्यक्तिगत हमले करने के साथ ही अमरीकी मीडिया को भी जमकर खरी खोटी सुनाई।
अभी तक शांति के लिए नोबल पुरस्कार नहीं मिलने को लेकर उन्होंने अपना हमेशा का रोना रोते हुए कहाः पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा जैसे ही चुनाव जीतकर व्हाइट हाउस पहुंचे थे, उन्हें शांति का नोबल पुरस्कार थमा दिया गया था। जबकि वह ख़ुद हैरान थे और उन्हें यह भी नहीं पता था कि उन्हें यह पुरस्कार किस बात के लिए दिया जा रहा है। दूसरे लोग भी हैरान थे कि आख़िकार ओबामा को नोबल क्यों दिया जा रहा है। जबकि मैंने ऐसे बहुत से काम किए हैं, जिसके लिए मैं इस पुरस्कार का हक़दार हूं।
ट्रम्प का कहना था कि नोबल पुरस्कार के लिए उनका नामांकन काफ़ी महत्वपूर्ण है, लेकिन वह यह नहीं समझ पा रहे हैं कि मीडिया क्यों इसे महत्व नहीं दे रहा है, जबकि यह काफ़ी बड़ी घटना है।
उन्होंने कहाः ज़रा सोचिए कि आपके देश के राष्ट्रपति को नोबल पुरस्कार के लिए नामज़द किया गया है, और उसी दिन शाम को एबीसी, सीबीएस और इनसे भी बदतर एनबीसी चैनल ने उसके बारे में कोई ख़बर प्रसारित नहीं की।
अमरीकी सैनिकों के अपमान के आरोपों पर रोष जताते हुए ट्रम्प ने अपने डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी बाइडन पर ताबड़तोड़ हमले करते हुए कहाः दयनीय बाइडन। बाइडन एक दयनीय व्यक्ति हैं, जिन्होंने पिछले हफ़्ते मेरे ख़िलाफ़ एक ऐसा विज्ञापन जारी करने की अनुमति दी, जिसमें मुझे अमरीकी सैनिकों का अपमान करते हुए दिखाया गया है।
ट्रम्प ने आगे कहाः लेकिन सच्चाई यह है कि बाइडन एक सोते हुए शख़्स हैं। क्या कोई जानता है कि वह अब कहां है? वह अपने लानती बेसमेंट में फिर से घुस गए हैं।